गया एयरपोर्ट पहुंची राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, करेंगी पिंडदान

गया। भारत की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू शुक्रवार को विशेष विमान से गया अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे पर पहुंचीं। उनके आगमन को लेकर प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियों ने कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की थी। एयरपोर्ट पर राज्यपाल, मुख्यमंत्री समेत कई वरिष्ठ अधिकारियों ने राष्ट्रपति का स्वागत किया।

सूत्रों के अनुसार, राष्ट्रपति मुर्मू अपने पितरों की आत्मा की शांति के लिए विश्वप्रसिद्ध विष्णुपद मंदिर में पिंडदान करेंगी। पितृपक्ष के अवसर पर हर वर्ष देश-विदेश से लाखों श्रद्धालु गया पहुंचते हैं और धार्मिक अनुष्ठान करते हैं। राष्ट्रपति का यह आगमन गया के लिए ऐतिहासिक अवसर माना जा रहा है।

पिंडदान के बाद राष्ट्रपति का गया भ्रमण कार्यक्रम भी प्रस्तावित है, जिसमें वे विभिन्न स्थलों का दौरा कर सकती हैं। राष्ट्रपति के दौरे से गया में आस्था और पर्यटन दोनों को बढ़ावा मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।