
नरकटियागंज। 44वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) के सी-समवाय भिखनाथोरी की टीम ने गश्त के दौरान बड़ी सफलता प्राप्त की है। गुप्त सूचना के आधार पर सीमा स्तम्भ संख्या-433 के पास एसएसबी की महिला उपनिरीक्षक इति अपनी टीम के साथ गश्त कर रही थीं, तभी नेपाल से भारत की ओर आ रही एक बाइक को रोका गया।
तलाशी के दौरान बाइक सवार तीन युवकों के पास से छह पैकेट में कुल तीन किलोग्राम चरस बरामद की गई। पकड़े गए युवकों की पहचान विष्णु मगर (21 वर्ष), सुन बहादुर (20 वर्ष) और वरुण (22 वर्ष), सभी निवासी – ग्राम ब्रह्मनगर, थाना बुद्धनगर, जिला परसा, नेपाल – के रूप में की गई है।
पूछताछ में पता चला कि वे नेपाल से चरस लाकर भारत में बेचने की फिराक में थे और इसके जरिये मोटी रकम कमाना चाहते थे। एसएसबी टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए पकड़े गए तस्करों को जब्त चरस के साथ सहोदरा पुलिस को सुपुर्द कर दिया।
स्थानीय नागरिकों का कहना है कि सशस्त्र सीमा बल की सक्रियता और नियमित गश्त से सीमा क्षेत्र में अवैध गतिविधियों और तस्करी पर काफी हद तक अंकुश लगा है। इससे तस्करी में संलिप्त लोगों के बीच हड़कंप मचा हुआ है।












Leave a Reply