डॉक्टर पर हमले की घटना अत्यंत निंदनीय और चिंताजनक – आईएमए

गयाजी।गया जिले के शेरघाटी निवासी एवं भारतीय चिकित्सा संघ के वरीय सदस्य डॉ. तपेश्वर प्रसाद पर हुए जानलेवा हमले की जानकारी मिलते ही चिकित्सा समुदाय में रोष व्याप्त हो गया है। भारतीय चिकित्सा संघ के अध्यक्ष डॉ. अशोक कुमार सिंह, उपाध्यक्ष डॉ. विश्व विजय सिंह, तथा सचिव डॉ. विमलेंदु विमल समेत अन्य पदाधिकारियों ने इस कायरतापूर्ण हमले की घोर निंदा की है।

संघ ने प्रशासन से मांग की है कि इस हमले में संलिप्त अपराधियों की शीघ्र गिरफ्तारी सुनिश्चित की जाए और डॉ. तपेश्वर प्रसाद तथा चिकित्सा समुदाय की सुरक्षा के लिए प्रभावी कदम उठाए जाएं।

इस तरह की घटनाएँ न केवल चिकित्सकों की सुरक्षा पर प्रश्नचिह्न खड़ा करती हैं, बल्कि आम जनमानस की स्वास्थ्य सेवा व्यवस्था को भी प्रभावित करती हैं। संघ ने चेतावनी दी है कि यदि दोषियों की जल्द गिरफ्तारी नहीं होती, तो आंदोलनात्मक कदम उठाए जा सकते हैं।